अल्मोड़ा। आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाली ढाई साल की बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। बच्ची के चेहरे पर चोट के गहरे निशान भी बन गए हैं। बच्ची के पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
जानकारी के अनुसार डुबकिया निवासी महबूब अहमद की ढाई साल की बच्ची माहिरा नूर पास के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने जाती है। गत दिवस शनिवार सुबह माहिरा किसी बात पर रोने लगी तो वहां कार्यरत एक आया ने बच्ची को थप्पड़ जड़ दिए। जिससे बालिका के गाल पर गहरी छाप पड़ गई।
पिटाई के बाद जब बच्ची और तेजी से रोने लगी तो वहां कार्यरत आंगनबाड़ी सहायिका ने किसी तरह आया को हटाया, लेकिन आया ने अपनी गलती नहीं मानी और झगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलने पर माहिरा के पिता महबूब अहमद ने पुलिस थाने में बच्ची के साथ मारपीट करने संबंधी तहरीर दी। उन्होंने आया पर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद मामले का पटाक्षेप हो गया।