अल्मोड़ा। फर्जी परमिट बनाकर अवैध रूप से 150 पेटी शराब ले जा रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बरामद शराब की कीमत साढ़े चार लाख रुपये है। दोनों आरोपी शराब बेचने भैंसियाछाना जा रहे थे। पुलिस ने वाहन को भी सीज कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डाना गोलू चितई के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को वाहन संख्या यूके04डी-2971 में 3600 पव्वे और 900 बोतल शराब मिली। प्रभारी कोतवाल नीरज भाकुनी ने बताया कि वाहन में एफएलटू से अल्मोड़ा दुकान नंबर एक के लिए 150 पेटी देसी शराब का परमिट जारी किया गया था, लेकिन वाहन चालक विक्रम सिंह निवासी बजवाड़ और परिचालक मनोज सिंह चौहान निवासी मकेड़ी फर्जी परमिट तैयार कर शराब को भैंसियाछाना बेचने ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम में एनटीडी चौकी प्रभारी जय प्रकाश, कांस्टेबल टेनिस तथा अनिल शामिल थे।