मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट तहसील के मरचूला बाजार में चोरों ने बृहस्पतिवार की रात बेखौफ होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। चोरों ने एक दुकान तथा दो ढाबों पर हाथ साफ किया। चोर करीब दस हजार रुपये की नकदी उड़ा ले गए। चोरी की घटना से क्षेत्र में दहशत है।
गुरुवार की रात सल्ट तहसील के मरचूला बाजार में चोरों ने दुकानों तथा ढाबे के ताले तोड़ डाले। राजेंद्र कुमार पुत्र जयनारायण की मरचूला में परचून की दुकान है। देर शाम दुकान बंद कर वह घर को चले गए। रात्रि में चोर दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और वहां से सात हजार रुपये की नकदी तथा कुछ चप्पलें उठा ले गए। राजेंद्र कुमार की दुकान से करीब 100 मीटर दूर पप्पू कश्यप पुत्र रामरतन कश्यप के ढाबे को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोर ढाबे के अंदर रखे गुल्लक को ही उठा ले गए।
गुल्लक में करीब पांच हजार रुपये थे। इस स्थान से 100 मीटर दूर गुसाई सिंह बिष्ट पुत्र आन सिंह बिष्ट के ढाबे को भी चोरों ने धावा बोला। चोर ढाबे के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और छानबीन की। ढाबे में नकदी तथा अन्य सामान नहीं मिलने पर उन्होंने वहां जमकर तोडफ़ोड़ की। तीनों व्यवसायी रात को अपने घरों को जाते हैं। शुक्रवार की सुबह वह दुकान में पहुंचे तो वहां स्थिति को देखकर उनके होश उड़ गए। एक ही दिन में एक दुकान तथा दो ढाबों में चोरी होने से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। दुकानदारों ने सल्ट थाने में चोरी की घटना की तहरीर दे दी है।
चौकी से 100 मीटर की दूरी पर हुई घटना
मौलेखाल। चोर इतने बेखौफ है कि उन्हें पुलिस का डर भी नहीं है। राजेंद्र कुमार और पप्पू कश्यप कीदुकानों से 100 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी है। पुलिस चौकी होने के बावजूद गुरुवार को चोरों ने एक ही दिन में एक दुकान तथा दो ढाबे में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस सक्रिय रहती तो चोरी की वारदातें नहीं होती।