अल्मोड़ा। राजस्व पुलिस ने कठपुड़िया के निकट देवलीखान में पति की हत्या के मामले में शनिवार को मृतक की पत्नी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। बताया गया है कि महिला ने अवैध संबंधों के चलते अपने दो साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और बाद में घर से कुछ दूर शव खेत में फेंक दिया। महिला के बयानों के आधार पर पुलिस हत्या में शामिल दो आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
देवलीखान निवासी सुरेश चंद्र जोशी (38) पुत्र प्रेम बल्लभ जोशी की लाश उसके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर बरामद हुई थी। बाद में राजस्व पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। जानकारी मिलने के बाद राजस्व पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। राजस्व पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक महिला के कुछ लोगों से अवैध संबंध थे। इसे लेकर उसकी अपने पति के साथ भी झगड़ा हुआ करता था। कुछ समय पहले ही उसने अपने पति को ठिकाने लगाने की योजना बना ली। इसके बाद महिला ने मंगलवार रात अपने करीबी दो युवकों को घर पर बुलाया। दोनों ने सुरेश को दबोच लिया और तार से गला घोंटकर हत्या कर दी और रात में शव घर से कुछ दूर खेत में फेंक दिया। घटना के दिन से ही गांव के लोगों को मृतक की पत्नी पर शक था। शक के आधार पर राजस्व पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया।
नायब तहसीलदार पीडी सनवाल ने बताया कि मामले की जांच राजस्व उपनिरीक्षक डीएस बिरौड़िया कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक ने शनिवार को नेहा देवी को धारा 302 और 201 के तहत गिरफ्तार करके सीजेेएम की अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे जेल भेज दिया। राजस्व पुलिस के मुताबिक महिला ने इस मामले में बसर गांव निवासी भोलू को शामिल बताया है। साथ ही देवलीखान के एक अन्य व्यक्ति के बारे में सुराग दिए हैं। राजस्व पुलिस के मुताबिक मामले की जांच चल रही है और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हत्या में शामिल दो आरोपियों की तलाश
अवैध संबंधों के चलते हुई वारदात
कई लोगों से अवैध संबंध थे महिला के
अल्मोड़ा। पता चला है कि दो साथियों को साथ लेकर पति को ठिकाने लगाने वाली महिला नेहा के कई लोगों से अवैध संबंध थे। बताया जाता है कि सुरेश की अनुपस्थिति में आए दिन कई लोग उसके घर आते थे। सुरेश की मौत के बाद गांव की महिलाओं ने सबसे पहले उसकी पत्नी पर ही शक किया था। इसी आधार पर राजस्व पुलिस ने नेहा से पूछताछ की तो मामला खुलने में देरी नहीं लगी।
रिश्तेदारों के साथ रहते हैं दोनों बच्चे
अल्मोड़ा। पत्नी से शुरू से ही अनबन होने के कारण सुरेश के दोनों बच्चे भी अपने रिश्तेदारों के वहां रहकर पढ़ाई करते हैं। जानकारी के मुताबिक मृतक का बेटा अपने ताऊ के साथ और बेटी बुआ के साथ गांव से बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं। सुरेश मजदूरी आदि करता था।