अल्मोड़ा। पिछले साल सितंबर माह में लमगड़ा के विष्णु मंदिर के पुजारी भुवन चंद्र फुलारा की हत्या मामले में पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 201 तथा 34 के तहत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। आरोप पत्र में पुलिस ने 23 लोगों को गवाह बनाया है। फिलहाल तीनों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में अभी जेल में बंद हैं और तीनों की जमानत की अर्जी जिला एवं सत्र न्यायालय से खारिज हो चुकी है।
29 सितंबर 2018 को हुई बहुचर्चित हत्या मामले में पुलिस ने मृतक के पिता गोविंद बल्लभ फुलारा द्वारा आरोपियों के खिलाफ हत्या का अभियोग पंजीकृत कराया था। लमगड़ा पुलिस ने 17 अक्तूबर को आरोपी दीपक सिंह फर्त्याल, सूरज सिंह फर्त्याल और यतेंद्र सिंह फर्त्याल निवासी डोल को गिरफ्तार कर लिया था। घटना की विवेचना कर रहे थानाध्यक्ष लमगड़ा राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मुख्य आरोपी दीपक सिंह फर्त्याल को रिमांड में लेकर घटना स्थल का मौका मुआयना भी किया गया तथा दो दर्जन गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद सोमवार को गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया गया है।