257 टिन अवैध लीसे के साथ दो गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
दन्यां पुलिस ने काफलीखान में एक पिकप से 257 टिन अवैध रूप से रखा लीसा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लीसे की कीमत करीब दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इधर, डीएफओ आरसी शर्मा ने कहा है कि मामले की जांच कराने के साथ ही रेंजर का स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।
क्षेत्र के जंगलों से लीसे की तस्करी की जानकारी मिलने पर शनिवार को पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने हल्द्वानी की तरफ जा रहे पिकप वाहन (यूके01-सीए-0259) को चेक किया तो 257 टिन लीसा बरामद हुआ। लीसा ले जा रहे आरोपियों के पास कोई कागजात नहीं थे। पुलिस ने लीसा ले जाने के मामले में आरोपी कुंवर सिंह पुत्र पदम सिंह निवासी दुनाड़ और भुवन प्रसाद पुत्र देवी राम निवासी खोड़ी को गिरफ्तार कर दोनों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
दिलचस्प बात यह है कि लीसा तस्करी के बारे में वन विभाग के अधिकारियों को कोई जानकारी नहीं थी। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में काफी समय से लीसे की तस्करी चल रही है लेकिन वन महकमे की लापरवाही से तस्कर नहीं पकड़े जा रहे हैं। कई बार अल्मोड़ा क्षेत्र से तस्करी करके लीसा मैदानी इलाकों तक पहुंच जाता है।
इधर, सिविल सोयम वन प्रभाग के डीएफओ आरसी शर्मा का कहना है कि इस मामले की जांच की जाएगी। रेंजर का स्पष्टीकरण भी मांगा जा रहा है। लीसा पकड़ने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक मोहन सिंह, अमर पाल सिंह, निखिलेश सिंह, ईश्वर सिंह, राजेश भट्ट शामिल हैं।