अल्मोड़ा। तीन दिन पूर्व एआरटीओ कार्यालय के पास खड़ी एक ऑल्टो कार से बैटरी चोरी होने का मामला पूरी तरह फर्जी निकला। एआरटीओ कर्मचारियों की जांच में पता चला कि शराब के नशे में वाहन स्वामी अपनी कार को एआरटीओ कार्यालय के पास रोकने से पहले ही बैटरी निकाल चुका था।
उसके बाद वाहन को एआरटीओ कार्यालय के बाहर खड़ा कर वाहन स्वामी ने बैटरी चोरी होने की अफवाह उड़ा दी। बाद में इसी वाहन स्वामी ने पास ही में एक रेस्ट्रोरेंट से दो मोबाइल भी चुरा लिए। सीसीटीवी में यह दृश्य कैद होने के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन स्वामी की पिटाई भी की।
बता दें कि बुधवार दिन में एक आल्टो कार स्वामी ने कार से बैटरी चुराने का आरोप लगाते हुए बखेड़ा खड़ा कर दिया था। एआरटीओ आलोक जोशी ने बताया कि वाहन स्वामी शराब के नशे में था। विभागीय कर्मचारियों की जांच से पता चला कि वाहन स्वामी ने वाहन स्टार्ट करने के बाद खुद ही बैटरी निकाल ली थी और अपने वाहन को एआरटीओ कार्यालय में लाकर खड़ा कर दिया। उन्होंने बताया कि वाहन को लॉक करने के बाद वाहन स्वामी कार्यालय में आया था। वाहन के लॉक को खोले बगैर बैटरी चोरी नहीं हो सकती है। आरोप है कि इसके बाद वाहन स्वामी ने पास ही में एक रेस्टोरेंट में लोगों की भीड़ के बीच दो मोबाइल भी चुरा लिए। एआरटीओ ने बताया कि सीसीटीवी में चोरी की घटना देखने के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने वाहन स्वामी की पिटाई भी की।