अल्मोड़ा। टैक्सी स्टैंड में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब सोमेश्वर की तरफ जा रही एक महिला ने अचानक टैक्सी में बगल में बैठी दूसरी महिला पर मंगलसूत्र चोरी का आरोप लगा दिया। महिला ने इतना हंगामा किया कि पुलिस को मौके पर बुला लिया गया, लेकिन बाद में मंगलसूत्र महिला के बैग में ही मिल गया।
जानकारी के मुताबिक सोमेश्वर सीएचसी में कार्यरत एक महिला बुलेरो में सवार होकर जा रही थी। इस बीच उसने अचानक अपने पास में बैठी अन्य महिला के गले में पहने मंगलसूत्र को अपना बताते हुए हंगामा मचाना शुरू कर दिया। जिसकी सूचना महिला थाना को मिलने पर मौके पर महिला पुलिस रवाना हुई।
महिला थानाध्यक्ष बसंती आर्या ने बताया कि एचपीयू की महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी और मंजू आर्या तत्काल मौके पर पहुंचीं और वाहन में बैठे सभी यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चोरी का आरोप लगा रही महिला के बैग से ही उसका मंगलसूत्र बरामद हो गया। इस पर महिला को थाने लाकर पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। लोगों ने एचपीयू द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना की।