अल्मोड़ा। बृहस्पतिवार देर शाम टैक्सी स्टैंड के पास नोकझोंक के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि चार लोगों ने बीच बचाव के लिए पहुंचे एक चाय वाले के साथ भी मारपीट कर दी और उसकी दुकान में तोड़फोड़ की। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार देर शाम को टैक्सी स्टैंड के पास अजय बोरा, सुनील टम्टा, विक्की और एक अन्य फौजी की वाहनों की पर्ची काटने वाले नदीम हुसैन के साथ तीखी नोकझोंक हो गई। पास में स्थित एक चायवाले ने जब दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की तो चारों लोगों ने उनके साथ हाथापाई कर दी।
इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ भी हुई। पर्ची काटने वाले नदीम ने मामले की शिकायत थाने में की। पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ धारा 323, 504, 506 और 427 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मारपीट मामले में अजय बोरा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य तीन अभियुक्त फरार हो गए। पुलिस तीनों की खोजबीन में जुट गई है।