रानीखेत (अल्मोड़ा)। खनियां में हुड़दंग मचा रहे तीन युवकों को मंगलवार की देर रात पुलिस ने धर दबोचा। तीनों युवक रात्रि में क्षेत्र में गाली गलौच कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इन्हीं अराजक तत्वों ने एक कार के शीशे भी तोड़े। इसी बीच भनक लगते ही ग्रामीण वहां पहुंच गए उन्होंने तीनों अराजक तत्वों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। तीनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात नशे में धुत तीन युवक खनियां गांव में उत्पात मचा रहे थे। इस दौरान रात को घर की तरफ जाने वाले लोगों के खिलाफ भी वह लोग गलत शब्दों का प्रयोग कर रहे थे। उनके साथ जबरन मारपीट भी कर रहे थे।
इस दौरान सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट डिजायर कार के भी शीशे तोड़ दिए गए। ग्रामीणों के आने की भनक लगते ही अराजक तत्व वहां से भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा किया तो इंदिरा बस्ती के पास उन्हें धर दबोचा। प्रधान राजेंद्र बिष्ट ने कोतवाली में सूचना दी।
एसआई सुनील गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई सुनील गोस्वामी ने बताया कि आरोपी बागेश्वर के कमेड़ीदेवी निवासी गोविंद सिंह मेहरा, मंडलसेरा निवासी हिमांशुु दफोटी और भराड़ी निवासी हिम्मत सिंह कोरंगा के खिलाफ 151 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।