अल्मोड़ा। गश्ती पुलिस ने रविवार रात यहां बांसभीड़ा के निकट एक सुनसान जगह में स्थित खंडहर में चोरी की योजना बनाते दो संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गश्त के दौरान एसआई देवेंद्र राणा, गौरव जोशी के अलावा कांस्टेबल संदीप सिंह आदि ने भुवन कुमार निवासी घटबगड़ बागेश्वर और जीवन थापा हाल निवासी टम्टा मोहल्ला को लोहे की सरिया, हैक्सा ब्लेड और बैग आदि के साथ गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पूछताछ की जा रही है। उधर लमगड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोरनौला चौकी पुलिस ने गश्त के दौरान नाटाडोल के निकट सुंदर सिंह को 105 पौवे अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ 60 आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।