लमगड़ा। (अल्मोड़ा)। लमगड़ा ब्लॉक के जीआईसी सत्यों में पिछले साल पांच दिसंबर को दसवीं के छात्र की मौत मामले की सीबीसीआईडी जांच शुरू हो गई है। हल्द्वानी से पहुंची तीन सदस्यीय टीम ने स्कूल में हुई इस वारदात को लेकर शिक्षकों से जानकारी जुटाई और घटना स्थल का मौका मुआयना भी किया। इसके बाद टीम लौट गई। पूर्व में पुलिस स्तर पर हुई इस मामले की जांच में किसी अन्य द्वारा छात्र को जलाए जाने का कोई साक्ष्य नहीं मिला था। इसके बाद शासन स्तर से मामले की सीबीसीआईडी जांच की संस्तुति हो गई थी।
मामला एक साल पूर्व 12 दिसंबर का है। जीआईसी सत्यों में दसवीं के छात्र राकेश कनवाल की स्कूल के एक कक्ष में जलकर मौत हो गई थी। तत्कालीन थानाध्यक्ष भूपाल राम ने मामले की विवेचना की और फाइनल रिपोर्ट तैयार की। विवेचना में छात्र को जलाने का कोई भी साक्ष्य पुलिस को नहीं मिला। रिपोर्ट तैयार होने के बाद शासन स्तर से इस मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी गई। इधर बीते मंगलवार को तीन सदस्यीय सीबीसीआईडी की टीम जांच के लिए जीआईसी सत्यों पहुंची। जहां टीम ने स्कूल के शिक्षकों से पूछताछ की और घटना स्थल का मुआयना किया। इसके बाद टीम शाम को हल्द्वानी वापस चले गई।