सिलेंडर में आग लगने से जला मकान
बुधवार को ही भरवाया था सिलेंडर, लीकेज के कारण लगी आग
अमर उजाला ब्यूरो
जसूर (कांगड़ा)। ग्राम पंचायत जाच्छ में बुधवार को गैस सिलेंडर में आग लगने से एक मकान जल गया। परिजनों ने गैस सिलेंडर बुधवार को ही भरवाया था और शाम को खाना बनाने के लिए सिलेंडर को बदला गया था। महिलाओं ने जैसे ही गैस जलाई तो लीकेज के कारण सिलेंडर ने आग पकड़ ली। वहीं, आसपड़ोस के लोगों ने आग को बुझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन कच्चा मकान होने के कारण आग ने एकदम भयानक रूप धारण कर लिया। इसमें घर के भीतर रखी तमाम चीजें आग की भेंट चढ़ गई। घटना की सूचना फायर केंद्र नूरपुर को दी गई, लेकिन जब तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाते, तब तक पूरा मकान और उसमें रखा सारा सामान जलकर ख़ाक हो गया। सूचना मिलते ही नूरपुर के एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर, नायब तहसीलदार देस राज, खाद्य निरीक्षक अजय कौंडल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। गैस सिलेंडर में आग लगने से काफी नुकसान हुआ है, जिसका आकलन करवाया जा रहा है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को मौके पर पांच-पांच हजार की राहत राशि दे दी है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता प्रदान करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
चार भाई करते थे गुजर-बसर
मकान में चार भाई रहते थे, जिनमें वकील सिंह, रमेश चंद, रविंद्र कुमार और सोनू देवी का संयुक्त घर था। परिवार के तीनों भाई मजदूरी कर गुजर-बसर कर रहे थे।