कपकोट (बागेश्वर)। नगर पंचायत कपकोट नगर क्षेत्र में विभिन्न रास्तों और नालियों का निर्माण करेगी। विकास कार्यों के निर्माण के लिए नगर पंचायत ने कवायद शुरू कर दी है। 20 अक्तूबर को टेंडर खुलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होंगे। 12.13 लाख रुपये से रास्तों और नालियों का निर्माण होगा।
नगर के शिवालय वार्ड और कपकोट बाजार में रास्तों और नालियों के खस्ताहाल हाेने से नगर के लोगों को अवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वार्डों के निवासी लंबे समय से रास्तों और नालियों के निर्माण की मांग कर रहे थे। अब नगर पंचायत कपकोट बाजार वार्ड में ललित कपकोटी के घर से बसंती कपकोटी के घर तक दो लाख रुपये से नाले में पेवर ब्लॉक का कार्य, ललित तिरुवा के घर से त्रिलोक राम के घर तक 1.75 लाख रुपये से नाले में पेवर ब्लॉक का कार्य, चंद्रशेखर जोशी के घर से आदर्श विद्यालय तक 1.70 लाख रुपये से रास्ते और नाली का निर्माण किया जाएगा। शिवालय वार्ड में पुल बाजार की ओर 2.93 लाख रुपये से पेयजल लाइन निर्माण, चकतरी तोक में 1.75 लाख रुपये से नाली का निर्माण, बुद्धेश्वर मंदिर से भंडारीगांव की ओर दो लाख रुपये से सीसी मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।