कांग्रेस ने केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले को अनुचित बताते हुए सोमवार को चौघानपाटा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और नारेबाजी कर विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा बगैर तैयारी के नोटबंदी का फैसला आम जनता को परेशान करने वाला है। कांग्रेस हमेशा काले धन की विरोधी रही है। कांग्रेस काले धन को रोकने के लिए नोटबंदी का विरोध नहीं कर रही हैं, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने बगैर संपूर्ण तैयारी के यह फैसला लिया, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उस गरीब और बेकसूर जनता के साथ है जो नोटबंदी के कारण पिछले 20 दिनों से अपना काम छोड़कर बैंकों की लाइन में खड़ी है।
नोटबंदी के कारण उत्तराखंड में पर्यटन और राजस्व को 800 करोड़ से भी अधिक का नुकसान हो चुका है। पर्वतीय राज्यों में बड़ी आबादी सहकारी बैंकिंग प्रणाली पर निर्भर है। नोटबंदी के कारण केंद्र सरकार ने सहकारी बैंकों पर तमाम वित्तीय पाबंदियां लगा दी हैं, जिस कारण ग्रामीण जन जीवन प्रभावित हो रहा है। पुतला फूंकने वालों और जुलूस में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, प्रदेश सचिव त्रिलोचन जोशी, पूर्व राज्य मंत्री केवल सती, दीप डांगी, विपिन भट्ट, हेम तिवारी, मनोज सनवाल, दानिश खान, राधा बंगारी, सरिता टम्टा, हर्ष कनवाल, शरद साह, विनोद कुमार, परितोष जोशी, लता तिवारी, भगवती आर्या, नीमा टम्टा, गीता मेहरा, दीपा मेहरा, रमेश कांडपाल, संजय दुर्गापाल, प्रमोद कुमार, जीवन नाथ वर्मा, प्रदीप बिष्ट आदि शामिल थे।