दो दिन बाद बैंक खुलने पर सोमवार को बैंकों में ग्राहकों की काफी भीड़ रही। सुबह से ही बैंक में भीड़ होने के कारण लाइनें दोपहर तक लगी रहीं। जमा, निकासी समेत अन्य कार्यों के लिए प्रत्येक काउंटर में लोग लाइन में खड़े होकर अपना काम कराते रहे। पांच सौ का नोट बैंकों में नहीं पहुंचने से कई ग्राहकों को खासी परेशानी भी हुई। एटीएम में भी लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे लोगों को सीमित धनराशि ही मिली।
नोटबंदी के 19वें दिन बैंकों में भीड़ लगी रही, हालांकि यह भीड़ दो दिन बैंक बंद होने और माह के अंतिम दिन होने के कारण ज्यादा थी। एसबीआई, पीएनबी, अरबन समेत विभिन्न बैंकों में लगे अलग-अलग काउंटरों में ग्राहकों की भारी भीड़ रही। इस दौरान बैंकों में कामकाज शांतिपूर्वक निपटता रहा। पैसा निकालने के लिए लोग एटीएम के बाहर लाइनों में खड़े दिखे। दिन तक कई एटीएम में पैसा भी समाप्त हो जा रहा है।
। नोटबंदी के बाद सीमित पैसा मिलने और उसमें भी दो हजार का नोट मिलने से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। अधिकांश लोग खुले पैसे के लिए परेशान हैं जिसके लिए लोग बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं। एटीएम से भी दो हजार का नोट ही निकल रहा है। पैसा निकासी के दौरान कुछ बैंक दस, बीस और पचास के नोट दे रहे हैं, लेकिन जिनके पास दो हजार के नोट ज्यादा थे उनके लिए मुश्किल खड़ी हुई। लोगों का कहना था कि पांच सौ के नोट मिलने लगते तो इतनी परेशानी नहीं होती। सामान की खरीददारी के लिए भी दो हजार का नोट लेने पर व्यापारी भी कतरा रहे हैं। एसबीआई मुख्य शाखा के मुख्य प्रबंधक जगदीश कुमार ने बताया कि अभी पांच सौ का नोट उपलब्ध नहीं है जल्द ही बैंकों में पहुंच जाएगा।