लम्मेलन में नेताओं का स्वागत करते कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत कुमार ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने देश में 55 साल राज किया, लेकिन अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान के लिए काम नहीं उठाए। यह समाज आज भी गरीब है। कांग्रेस ने हमेशा दलितों को वोट बैंक समझा और अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों का शोषण किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के दौलाघट में हुए भाजपा के अनुसूचित जाति सम्मान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र में काबिज मोदी सरकार ने अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू कर दी हैं। केंद्र की नीतियों से प्रभावित होकर अनुसूचित जाति समाज के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ उत्तराखंड की सत्ता पर काबिज होगी और दलितों के उत्थान के लिए काम करेगी। मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मगन लाल ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में दलित समाज हमेशा उपेक्षित रहा।
आगामी चुनाव में जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी। भाजपा नेत्री क्षेत्र की पूर्व विधायक रेखा आर्या ने कहा कि रावत सरकार ने सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र की हमेशा उपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कोरी घोषणाएं की, जो आज तक भी पूरी नहीं हो पाई हैं। अब दलित समाज जाग गया है और कांग्रेस के छलावे में आने वाला नहीं है। सभा में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन राम आर्या, चंदन लाल टम्टा, राजेश आर्या आदि ने विचार रखे। अध्यक्षता बहादुर राम और संचालन रवि रौतेला ने किया। इस दौरान कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। जिनका पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। सम्मेलन मे सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष देवेंद्र जोशी, राजेंद्र कैड़ा, महेश नयाल, मोहन दोसाद, कृपाल नयाल, दीवान सिंह अधिकारी, हरीश राम आदि थे।