रानीखेत (अल्मोड़ा)। यहां छावनी परिषद के बहुउद्देशीय सभागार में शनिवार से सीएमए कप राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता शुरू हो गई है। हैरतअंगेज करतबों के साथ इसका विधिवत उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि एसएसबी सीमांत मुख्यालय के महानिरीक्षक श्याम सिंह ने कहा कि अनुशासन के बगैर सफलता नहीं मिलती। प्रतिभावान खिलाड़ियों की भर्ती के लिए एसएसबी ने खेल कोटा बनाया है। जिसमें नौकरी की जा सकती है। इस प्रतियोगिता में 16 राज्यों के 350 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। काता और कुमिते वर्ग में कई प्रतियोगिताएं हुईं।
राष्ट्रीय मार्शल आर्ट प्रमोशन कमेटी और उत्तराखंड स्पोर्ट्स कराटे डू एसोसिएशन की ओर से आयोजित राष्ट्रीय कराटे के लिए विभिन्न राज्यों के 350 खिलाड़ी पर्यटन नगरी पहुंचे हैं। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि एसएसबी के महानिरीक्षक श्याम सिंह ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया । खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत हैरतअंगेज करतबों को देखकर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाई। आईजी ने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए नौकरी के दरवाजे बंद नहीं हैं। एसएसबी ने खेल कोटे की स्थापना की है।
भारतीय ओलंपिक संघ के नरेंद्र मोर ने भी अनुशासन और परिश्रम के बल पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। संचालन करते हुए एसोसिएशन के महासचिव सतीश जोशी ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। सभी का आभार जताया। इस दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष नंद किशोर गर्ग, भारतीय कराटे महासंघ के रेफरी काउंसिल चेयरमैन हसरत अली, वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के एशियार्ड अध्यक्ष हनुमंत राव, अगस्त शाह सहित कई राष्ट्रीय रेफरी, एसोसिएशन से जुड़े लोग, कराटे खिलाड़ी और उनके अभिभावक मौजूद थे।
रानीखेत (अल्मोड़ा)। राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए यहां उत्तराखंड सहित दिल्ली, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, आंध्र प्रदेश के 350 खिलाड़ी पहुंचे हैं। खिलाड़ियों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। एसएसबी के आर्केस्ट्रा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। काता वर्ग में कार्तिक पाल, आना मोड़ा, हार्दिक शर्मा, विकास मोड़ा, नाजदीप कौर, अंश पटेल, अंजुम आदिल, रेणुका देवी, मोबिन नागचुक ने बाजी मारी।