जिले में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का शुभारंभ हो गया है। योजना की शुरुआत करते हुए संसदीय सचिव मनोज तिवारी ने कहा कि सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए प्रयासरत है। योजना के अंतर्गत लाभार्थी को अस्पताल में भर्ती होने पर अधिकतम 50 हजार रुपए तक की स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। लाभार्थी को इसके लिए कोई भुगतान नहीं करना होगा। जिले में योजना के लिए 71,169 परिवारों ने आवेदन किया है। शुभारंभ अवसर पर 25 लाभार्थियों को योजना के कार्ड वितरित किए गए।
उन्होंने कहा कि आयकर दाताओं, राज्य और केंद्र सरकार के कर्मचारी और उनके परिवार जिन्हें पूर्व में किसी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिया गया है वह इस योजना के लाभार्थी नहीं होंगे। योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए आशा कार्यकत्रियां पूर्ण मनोयोग से काम करें। इसके अंतर्गत 1500 से अधिक बीमारियों को चिन्हित किया गया है। इस मौके पर पुष्पा वर्मा और मुकुल समेत 25 लोगों को कार्ड देकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने योजना को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसका लाभ गरीब वर्ग के लोगों को मिलेगा। जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को प्राथमिकता से दिया जाएगा। सीएमओ डा. केसी भट्ट ने बताया कि 74270 परिवार योजना में शामिल होने हैं। 71169 आवेदन मिले हैं। इसके सापेक्ष 26961 कार्ड बनाए जा चुके हैं। अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती मेहरा ने योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को दिलाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सीडीओ डा. अहमद इकबाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एके सिंह, जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. जीसी पांडे, डा. मधु माथुर, बेस के डा. पीके उप्रेती, प्रवीण लोहनी, गोकुलानंद जोशी आदि मौजूद थे। संचालन सतीश चंद्र सती ने किया।