अल्मोड़ा। जिला अस्पताल अल्मोड़ा में तैनात दो डॉक्टरों के प्रशिक्षण और एक डॉक्टर के अवकाश पर जाने से मरीजों को परेशानी होना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत हड्डी रोग से संबंधित मरीजों को हो रही है। उन्हें इलाज के लिए चार किलोमीटर दूर बेस अस्पताल में जाना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में फिजिशियन, आर्थोसर्जन और बाल रोग विशेषज्ञ का एक-एक पद हैं। पूरे जिले के मरीज इस अस्पताल पर निर्भर होने के कारण यहां रोजाना ओपीडी 400 के पार पहुंच जाती है। इन महत्वपूर्ण रोगों के इलाज के लिए एक-एक ही डॉक्टर होने और मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण कई बार मरीजों को लौटना पड़ता है। इधर मौसम बदलने के साथ वायरल बुखार आदि की समस्या भी बच्चों और वयस्कों में बढ़ रही है।
अस्पताल के आर्थोसर्जन और फिजिशियन विभागीय प्रशिक्षण के लिए गए हैं। बाल रोग विशेषज्ञ अवकाश पर हैं। फिजिशियन की ओपीडी में आने वाले मरीजों को इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर देख रहे हैं। बच्चों के इलाज में परेशानी हो रही है। डॉक्टर नहीं होने से मरीजों को अस्पताल में भर्ती भी नहीं किया जा रहा है।
जिला अस्पताल में तैनात फिजिशियन और आर्थोसर्जन प्रशिक्षण के लिए गए हैं। बाल रोग विशेषज्ञ अवकाश पर हैं। मंगल और बुधवार को सभी डॉक्टरों को वापस आना है। इसके बाद इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
- डॉ. कुसमुलता, पीएमएस जिला अस्पताल अल्मोड़ा।