अल्मोड़ा मानिला क्षेत्र जंगल में लगी आग।
- फोटो : ALMORA
मानिला (अल्मोड़ा)। विकासखंड सल्ट के मानिला के आसपास के जंगलों में आग लगने का सिलसिला जारी है। लगातार लग रही आग से डोटियाल से जैनल के बीच लगभग 32 किमी क्षेत्र में चारों ओर जंगलों में आग से काफी नुकसान हुआ है। हजारों की संख्या में पेड़ जल गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत डोटियाल से सदर बाजार के बीच लगाए गए पौधे भी लगातार आग की जद में आ रहे हैं।
इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों से लेकर कर्मचारी बेपरवाह बने हुए हैं। इसके चलते मानिला जैसे सुंदर प्राकृतिक क्षेत्र में जंगल धू-धू कर रोज जल रहे हैं। हालात यह हैं कि पूरे क्षेत्र में आसमान में धुएं की धुंध छाई हुई है। वन विभाग के अधीन जंगलों के अलावा वन पंचायत और सिविल क्षेत्र के जंगल भी रोज जलकर राख हो रहे हैं। जंगलों के बीच से गुजरने वाली सड़कों के किनारे आग की लपटों और धुएं के गुबार के बीच वाहन ले जाना भी कई बार जोखिम भरा हो रहा है।
मौसम में बदलाव के चलते एक साथ कई स्थानों पर जंगल आग की चपेट में आ गए हैं। वन कर्मियों की टीम लगातार आग बुझाने में लगी है। जल्द ही जंगलों में लगी आग बुझा ली जाएगी।
विक्रम सिंह कैड़ा, वन क्षेत्राधिकारी, जौरासी।