नगर के मल्ला चीनाखान मोहल्ले के पास की झाड़ियों में रविवार रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। धूं-धूं कर जल रही झाड़ियों की लपटें आवासीय भवनों की ओर बढ़ने लगीं। सूचना पर मौके पर पुलिस कर्मी पहुंचे और फायर बिग्रेड को भी बुलाया गया। करीब एक घंटे में आग बुझने पर लोगों को राहत मिली। समय रहते आग नहीं बुझती तो बड़ा हादसा घट सकता था।
मल्ला चीनाखान मोहल्ले में कात्यायनी प्रसाद जोशी के घर के पीछे खेतों में काफी घनी झाड़ियां हैं। इससे लगे मोहल्ले की पुरानी बाखली (घर) के साथ ही कई अन्य मकान एक-दूसरे से सटे हैं। रात को करीब 8:45 बजे इन झाड़ियों में तेज आग भड़क उठी। आग की लपटें घरों की ओर बढ़ने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। उन्होंने घरों और छतों में रखी टंकियों से बर्तनों में पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस और फायर स्टेशन को भी सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और फायर बिग्रेड कर्मी वाहन लेकर मौके पर पहुंचे। फायर कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।