फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: दो घंटे तक बरामदे में बैठकर गुरुजी के आने का इंतजार करते रहे बच्चे, तब टूटी अधिकारियों की नींद

Sat, 24 Aug 2024 03:11 PM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, अल्मोड़ा

सार

शुक्रवार को अल्मोड़ा जिले के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चमुआ में एक भी शिक्षक नहीं पहुंचा।  बच्चे काफी देर विद्यालय परिसर के बरामदे में बैठे रहे।
विज्ञापन
दो घंटे तक बरामदे में बैठकर गुरुजी के आने का इंतजार करते रहे बच्चे - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रदेश सरकार जहां नौनिहालों को बेहतर शिक्षा देने के दावे कर रही है। वहीं जमीनी हकीकत इससे उलट है। शिक्षा विभाग की लापरवाही की बानगी शुक्रवार को जिले के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चमुआ में देखने को मिली। शुक्रवार को स्कूल में एक भी शिक्षक पहुंचा ही नहीं। बच्चे काफी देर विद्यालय परिसर के बरामदे में बैठे रहे।

अभिभावकों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने ग्राम प्रधान पूजा कार्की और विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ललिता कार्की काे दी। जिसके बाद एसएमसी अध्यक्ष तुरंत विद्यालय पहुंची। उन्होंने देखा कि स्कूल के सभी कमरों में ताले लगे हुए हैं और बच्चे अपना बैग लेकर बाहर बैठे हुए हैं। उन्होंने बीईओ को पूरा वाकया बताया। करीब साढ़े 11 बजे एक शिक्षक यहां पहुंचे लेकिन उनके पास कमरों की चाबी ही नहीं थी। जिस कारण स्कूल के ताले नहीं खुल पाए। बाद में कल यहां पढ़ाने पहुंचे शिक्षक से चाबी के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। शिक्षक ने चाबी रखे जाने के बारे में जानकारी दी। तब अभिभावक चाबी लेकर आए। करीब दो घंटे बाद स्कूल के ताले खुले।

26 बच्चों के लिए एक शिक्षक वह भी अवकाश पर

विज्ञापन

राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चमुआ में 26 बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं। जिन्हें पढ़ाने के लिए यहां एकमात्र शिक्षक तैनात हैं। 20 अगस्त से वह अवकाश पर चल रहे हैं। जिस कारण 20 अगस्त को राजकीय प्राइमरी विद्यालय नैनी के शिक्षक यहां बच्चों को पढ़ाने आए। 21 और 22 अगस्त को राजकीय प्राथमिक विद्यालय टंगडुवा से एक शिक्षक को यहां भेजा गया लेकिन 23 अगस्त को 12 बजे तक यहां कोई शिक्षक नहीं पहुंचा। अभिभावक शिकायत न करते तो शुक्रवार को यहां स्कूल खुल ही नहीं पाता।

एमडीएम के लिए आंगनबाड़ी का सहारा
शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण शुक्रवार को चमुआ में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) व्यवस्था भी प्रभावित रही। भोजन माता ने बताया कि भोजनालय की चाबी स्कूल के कमरे में कहीं बंद करके चले गए। जिस कारण भोजनालय से सामान निकालना मुश्किल हो गया। मजबूरी में पास में ही स्थित आंगनबाड़ी की मदद ली गई। तब जाकर बच्चों के लिए मिड डे मील बन सका लेकिन वह भी मानकों के अनुरूप नहीं था। आंगनबाड़ी से जो सामान मिला। उसी से काम चलाना पड़ा।

लापरवाह शिक्षकों और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

विज्ञापन

चमुआ विद्यालय में बरती जा रही लापरवाही पर अब अभिभावकों में कड़ा आक्रोश व्याप्त है। अभिभावकों ने अब शिक्षा विभाग के अधिकारियों से लापरवाह अधिकारियों और शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

चमुआ में स्कूल न खुलने से संबंधित शिकायत मिली है। संबंधित मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-अत्रेश सयाना, डीईओ प्रारंभिक शिक्षा

शिक्षक के एक दिन का रोका वेतन
धौलादेवी के प्राथमिक विद्यालय चमुआ में शिक्षक की लापरवाही को विभाग के अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। संबंधित शिक्षक को नोटिस भेजकर उनका एक दिन का वेतन रोक दिया है। दरअसल यहां तैनात शिक्षक प्रमोद कुमार 20 अगस्त से तीन दिन के अवकाश पर थे। जिन्हें शुक्रवार को तैनाती लेनी थी। लेकिन शिक्षक अधिकारियों को बिना जानकारी दिए विद्यालय से नदारद रहे। जिसका खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें