घूस लेने के आरोपी मुख्य शिक्षाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
विजीलेंस की टीम ने अल्मोड़ा के मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिंह को एक स्कूल की मान्यता दिलाने के लिए 15 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया है। विजीलेंस की टीम ने सीईओ को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी को विजीलेंस टीम हल्द्वानी ले जा रही है। विजीलेंस आरोपी सीईओ को शनिवार को नैनीताल स्थित न्यायालय में पेश करेगी।
विजीलेंस को पिछले काफी समय से सीईओ द्वारा घूस लेने की शिकायतें मिल रही थीं। अल्मोड़ा के नियाजगंज निवासी रिजवान का सिटी माडर्न स्कूल है। रिजवान मान्यता दिलाने को लेकर सीईओ से मिलते रहे। विजीलेंस कार्यालय हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि सीईओ द्वारा रिजवान से स्कूल को मान्यता दिलाने के नाम कुछ समय पहले 20 हजार रुपये देने की मांग की गई। बाद में सीईओ 15 हजार रुपये देने पर स्कूल को मान्यता देने पर राजी हो गए।
रिजवान ने इसकी सूचना विजीलेंस के अधिकायिरयों को दी थी।
रिजवान विजीलेंस के अधिकारियों के संपर्क में थे और विजीलेंस की टीम ने जाल बिछाया हुआ था। सीईओ अशोक कुमार सिंह कार्यालय अवधि समाप्त होने के बाद शुक्रवार को अपने कार्यालय में बैठे थे। उन्होंने रिजवान को फोन कर कार्यालय में बुलाया। रिजवान पैसे लेकर सायं करीब 6:15 बजे सीईओ के पास कार्यालय में पहुंचे। विजीलेंस की टीम ने सीईओ को 15 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। विजीलेंस के एसपी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि सीईओ को भ्रष्टाचार निवारण अधिनयम में गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को विजीलेंस टीम हल्द्वानी ले जा रही है और उनसे पूछताछ की जाएगी। शनिवार को आरोपी को नैनीताल स्थित विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। इधर सीईओ की गिरफ्तारी से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।