राजकीय महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने ‘डीडीहाट की कमला छोरी....’, ‘बेड़ू पाको बारोमासा...’ समेत कुमाऊंनी, गढ़वाली, हिंदी, राजस्थानी, गुजराती, नेपाली, एकल गीत और हास्य कविताएं प्रस्तुत कर महफिल में रंग जमा दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला नियोजन समिति के सदस्य भुवन शाही और विशिष्ट अतिथि विधायक ललित फर्स्वाण के प्रतिनिधि चामू देवली ने किया। संचालन करते हुए डा. मुन्ना जोशी ने वार्षिक आख्या पढ़ी। छात्रसंघ अध्यक्ष मनोज कुमार ने अतिथियों का स्वागत कर कालेज की समस्याएं रखीं। प्राचार्य डा. केके पंत ने सभी का स्वागत किया। वहां वर्षभर की विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अवकाश प्राप्त प्रधानाचार्य पीतांबर दत्त पांडे ने की। वहां कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष किशन सिंह दानू, असों के ग्राम प्रधान भुवन सिंह शाही, सामाजिक कार्यकर्ता हयात सिंह शाही, डा. पीके झा, डा. नीता साह, ममता सुयाल, छात्रसंघ बागेश्वर के अध्यक्ष कुलदीप मेहता, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष भाष्कर टम्टा, ब्लाक अध्यक्ष कमल शाही, नैन गिरि गोस्वामी आदि मौजूद थे।