अल्मोड़ा। तीन माह पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग अल्मोड़ा-घाट-पनार के ग्राम गौली में स्कूटी सवार महिला को टक्कर मारने वाले अज्ञात कार चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अल्मोड़ा के शैल एनटीडी निवासी दीपा मेहरा ने दन्यां थाने में टक्कर मारने वाले अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर सौंपी। कहा कि तीन माह पूर्व 31 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व पर वह पिथौरागढ़ स्थित अपने मायके से स्कूटी से अल्मोड़ा घर वापस लौट रही थी। अल्मोड़ा-घाट-पनार राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोपहर बाद दन्यां के पास ग्राम गौली में विपरीत दिशा से आ रही अल्टो कार के अज्ञात चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कूटी छिटक कर खाई में जा गिरी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। लोगों ने उसे खाई से निकाल कर धौलादेवी स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से गंभीर हालत में उसे रेफर कर दिया गया। बेस अस्पताल अल्मोड़ा में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे रीढ़ की हड्डी और कमर में गंभीर चोट की जानकारी दी। हालत सुधरने के बाद महिला ने दन्या थाने पहुंच कर तहरीर दी। संवाद
कोट
तीन माह पहले हुए हादसे में पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ दन्या थाने में धारा 279 और 338 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- विमल प्रसाद, सीओ अल्मोड़़ा