अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चितई क्षेत्र में रविवार को एक वाहन सड़क किनारे बने नाले में फंस गया। घटना चितई पार्किंग से कुछ आगे की बताई जा रही है। वाहन में छह लोग सवार थे। हादसे में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक सामने से आ रहे दूसरे वाहन को पास देने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पहाड़ की ओर बने नाले में जा फंसी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और वाहन को बाहर निकालने के प्रयास किए गए। काफी देर तक स्थानीय लोगों की ओर से वाहन को सड़क पर लाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर क्रेन को बुलाया गया।
बाद में क्रेन की सहायता से वाहन को सुरक्षित नाले से निकालकर सड़क पर लाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि राहत की बात यह रही कि वाहन पहाड़ की ओर बने नाले में फंसा। यदि वाहन दूसरी ओर खाई की दिशा में जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर आवाजाही भी प्रभावित रही। संवाद