सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। क्षेत्र के गुरुड़ा, अमृतपुर तोक, तोला, धौलड़ा, छानी, चौना और अगरे गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से प्रस्तावित मोटर मार्ग का चौथी बार मशीन से सर्वे किया गया। करीब 10 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित सड़क मार्ग के लिए यह सर्वे विभागीय अधिकारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
ग्रामीणों ने इस सर्वे को क्षेत्र के विकास की नई उम्मीद बताया। उनका कहना है कि सड़क सुविधा के अभाव में बीमारों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों की शिक्षा, कृषि उत्पादों के परिवहन तथा दैनिक कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में हालात और भी चुनौतीपूर्ण हो जाते हैं। सर्वे टीम ने संभावित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी जानकारियां जुटाईं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से सड़क निर्माण को शीघ्र स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराने की मांग की। उनका कहना है कि सड़क बनने से कई गांवों के लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। सर्वे के दौरान विभागीय जेईई, सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद कुमार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीवान सिंह बोरा, आशा पांडे, नन्दी वैष्णव, संयम उपाध्याय, लीला बोरा, संजय वैष्णव, लक्ष्मण बोरा आदि मौजूद रहे।