मनान से सोमेश्वर की ओर आ रही एक बोलेरो बृहस्पतिवार सुबह अस्पताल के समीप अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गई। दुर्घटना में चालक समेत ग्यारह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सोमेश्वर अस्पताल में डाक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद बेस अस्पताल अल्मोड़ा ले जाया गया। इनमें से तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
चार बेस अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि चार लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।बोलेरो संख्या यूके-02-टीए-0157 प्रात: 10 बजे मनान से सोमेश्वर की ओर आ रही थी। इसी बीच बोलेरो का एक्सल टूट गया और अस्पताल से कुछ पहले वह एक कलमठ से नीचे खड्ड में गिर गई। घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार गौरी दत्त तिवारी, पटवारी महिमन भाकुनी, रवि मोहन बिष्ट, ब्लाक प्रमुख दीपक बोरा, एसआई गंगा सिंह, पुलिस कर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घायल चालक इंद्र कुमार (28) निवासी सिलंगिया, बहादुर सिंह (72) निवासी बाबरी, उनका पोता दीपक (ढाई साल ), सुंदर सिंह (40), बाबी अल्मियां (17), नंदी जोशी (46), उम्मेद सिंह अल्मियां (72) चारों निवासी भाटगाड़, गोकुल कुमार (15), जगदीश सिंह (69), नंदी देवी (55) दोनों निवासी मैगड़ी, संजू भंडारी (38) निवासी धौल गांव को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डा. सुरेश चंद्र पाठक, डा. आनंद नारायण तिवारी ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। बहादुर सिंह, जगदीश सिंह, उम्मेद सिंह, दीपक को अधिक चोट पहुंची है। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों से अल्मोड़ा बेस अस्पताल भेजा गया।
नंदी, दीपक, गोपाल सिंह, इंद्र कुमार बेस में भर्ती हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल जगदीश सिंह, बहादुर सिंह, उम्मेद सिंह को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। शेष चार लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उधर क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या ने दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने फोन पर डीएम और सीएमओ से वार्ता की और घायलों को पर्याप्त इलाज उपलब्ध कराने को कहा।
बाक्स
एक्स-रे तक की सुविधा उपलब्ध नहीं
सोमेश्वर। सोमेश्वर अस्पताल में एक्स-रे तक की सुविधा नहीं है। जिसके चलते बोलेरो दुर्घटना के घायलों के अस्पताल में एक्सरे तक नहीं हो पाए। डाक्टरों को घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अल्मोड़ा रेफर करना पड़ा।