सल्ट (अल्मोड़ा)। सल्ट विधानसभा सीट पर भाजपा दावेदारों की गुटबाजी और टिकट को लेकर आपसी लड़ाई शनिवार को भाजपा के केंद्रीय मंत्री के सामने भी उजागर हो गई। यहां भाजपा की विजय संकल्प यात्रा में भाजपा दावेदारों के समर्थक आपस में भिड़ गए। राज्य मंत्री अजय भट्ट ने उनको समझा बुझाकर शांत किया। इससे माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में सल्ट सीट पर जीत का झंडा फहराने के लिए दूसरे दलों से अधिक भाजपा के लिए अपनों को साधना चुनौतीपूर्ण होगा।
सल्ट विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक महेश जीना के अलावा तीन अन्य भाजपा नेताओं ने दावेदारी ठोकी है। सभी दावेदार टिकट पर उनका ही हक मानकर लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क भी कर रहे हैं। दावेदार एक दूूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप भी लगा रहे हैं। करीब दो महीने पहले विधायक महेश जीना और भाजपा से ही दावेदारी कर रहे गिरीश कोटनाला के बीच मारपीट का मामला प्रकाश में आया था। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया। इसके कुछ दिन बाद ही क्षेत्र में कई जनप्रतिनिधि महेश जीना के विरोध में उतर आए। सभी मामलों में पार्टी के बड़े नेता यही कह रहे थे कि पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुटबाजी का एक उदाहरण शनिवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट के सामने ही दे दिया।
शनिवार को जब भाजपा की विजय संकल्प यात्रा मौलेखाल के बाद सल्ट पहुंची तो यहां चारों दावेदारों ने अजय भट्ट के स्वागत में अपने समर्थकों संग जुलूस निकाला। इसे भाजपा और टिकट के दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। शक्ति प्रदर्शन के दौरान तब भाजपा की किरकिरी हो गई जब दावेेदारों के समर्थक आपस में ही भिड़ गए। बात नारेबाजी से हाथापाई तक पहुंच गई। एक गुट मौजूदा विधायक महेश जीना के खिलाफ नारेबाजी करने लगा तो दूसरा गुट दूसरे दावेदार के खिलाफ नारेबाजी में जुट गया। अजय भट्ट को मंच से माइक अपने हाथ में लेकर कार्यकर्ताओं को समझाना पड़ा इसके बाद कार्यकर्ता शांत हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं के इस घमासान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अजय भट्ट ने हर दावेदार को दिया मौका
अल्मोड़ा। सल्ट में विजय संकल्प यात्रा के दौरान जब भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद से मामला बिगड़ने लगा तो केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने सभी दावेदारों को मनाने के लिए खुद मंच से कार्यक्रम का संचालन करना शुरू कर दिया। उन्होंने हर दावेदार को मंच से कुछ देर अपनी बात जनता के सामने रखने का मौका दिया। विधायक से पहले उन्होंने अन्य दावेदारों को बोलने का मौका दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नारे न लगाने की हिदायत भी दी। कहा कि वह पार्टी में सीनियर हैं ऐसे में नारेबाजी करना और उनकी बात न सुनना शर्मनाक है।
इन लोगों ने पेश की है दावेदारी
अल्मोड़ा। सल्ट विधानसभा सीट पर भाजपा से जहां अभी तक सिटिंग विधायक महेश जीना को प्रबल दावेदार माना जा रहा है वहीं यूपी, नोएडा से भाजपा नेता गिरीश कोटनाला, डॉ. यशपाल रावत, पूर्व राज्य मंत्री दिनेश मेहरा ने भी यहां से दावेदारी पेश की है। चारों नेता लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं जिससे कार्यकर्ता असमंजस में आकर गुटों में बंट रहे हैं।
प्रजातंत्र में लोग बोलते रहते हैं और तब तक अपनी- अपनी दावेदारी करते हैं जब तक टिकट नहीं मिल जाता। टिकट मिलने के बाद सब शांत हो जाएंगे। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। यहां सब एक हैं और एक साथ मिलकर पार्टी के लिए काम करते हैं।
- अजय भट्ट, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री।
चुनाव में सभी समर्थक अपने नेता को अपनी- अपनी ताकत दिखाते हैं। पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। जिसे टिकट मिलेगा हम सब उसके लिए काम करेंगे। सभी कार्यकर्ता एकजुट और एकसाथ हैं।
- महेश जीना, विधायक सल्ट।
महिला सशक्तीकरण के लिए भाजपा सरकार ने किए बेहतरीन कार्य: अजय भट्ट
सल्ट/मानिला/चौखुटिया (अल्मोड़ा)। भाजपा की विजय संकल्प यात्रा शनिवार को जैनल, डोटियाल, पैसिया, जालीखान और मौलेखाल होते हुए सल्ट क्षेत्र में पहुंची जहां लोगों ने पूरे उत्साह के साथ रैली का स्वागत किया। सल्ट के राजकीय इंटर कॉलेज खुमाड़ में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम लिख रहा है। महिला सशक्तीकरण के लिए भाजपा सरकार ने किए बेहतरीन कार्य किए हैं। इससे पहले शुक्रवार शाम को चौखुटिया में भी विजय संकल्प यात्रा का भव्य स्वागत हुआ।
अजय भट्ट ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी के बीच गांव, कस्बों में समाज के हर वर्ग का टीकाकरण करना भारत की पूरे विश्व में सबसे बड़ी उपलब्धि है। विधायक महेश जीना ने छह माह के कार्यकाल में क्षेत्र के विकास के लिए कई कार्य किए हैं। इस श्रृंखला को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने एक बाद फिर जनता से महेश जीना को जिताने की अपील की। विधायक ने कहा कि सल्ट विधानसभा को विकास के क्षेत्र में नंबर वन बनाना उनकी प्राथमिकता है। इस दौरान युवाओं ने बाइक रैली भी निकाली। खुमाड़ सल्ट में विधायक महेश जीना ने कहा कि कोरोनाकाल में उन्होंने अपने छोटे भाई और पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जीना और उनकी पत्नी को खोया है। इसी दर्द को देखते हुए सल्ट के देवालय और देघाट में करीब 1.5 करोड़ की लागत से ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि आज महिलाएं फाइटर प्लेन उड़ा रहीं हैं यह उनकी सरकार की ही देन है। उज्वला जैसी योजना का हर महिला को लाभ दिया है। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रवि रौतेला, मंडल अध्यक्ष देवी दत्त शर्मा, टिकट की दावेदारी कर रहे दिनेश मेहरा, डॉ. यशपाल रावत, गिरीश कोटनाला, प्रदेश मंत्री पुष्कर सिंह काला, मंजू देवी, चेतन मठपाल, प्रतीक जीना, करन जीना, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य भगवती तिवारी नरेंद्र भंडारी, सोनू तिवारी आदि मौजूद रहे।
इससे पहले शुक्रवार शाम भाजपा की विजय संकल्प यात्रा चौखुटिया पहुंची, जहां यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। शनिवार को यात्रा चौखुटिया से मासी होते हुए स्याल्दे व सल्ट के लिए रवाना हुई। विभिन्न स्थानों पर आयोजित सभाओं में केंद्रीय पर्यटन व रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर बुलंदियों पर है। पूरे विश्व में देश का मान, सम्मान और गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण और जम्मू कश्मीर में 370 को खत्म कर नया इतिहास रचा गया है। उन्होंने सरकार की होम स्टे योजना को उत्तराखंड के लिए वरदान बताया। उन्होंने कांग्रेस को विकास विरोधी बताते हुए कहा कि जनता कांग्रेस के मंसूबों को समझ चुकी है। भाजपा के शासन में भ्रष्टाचार व घोटालों पर पूरी तरह अंकुश लग चुका है। इस मौके पर विधायक महेश नेगी ने सरकार के साथ ही अपनी उपलब्धियां भी गिनाईं।
क्षेत्रीय विधायक महेश नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र संगेला, मासी मंडल अध्यक्ष सुभाष बिष्ट, मुकेश पांडे, बलवंत नेगी, विनोद छिमवाल, संजय कठायत, सुरेंद्र मनराल, अनिल शाही, पूरन संगेला, गणेश कांडपाल, कैलाश भट्ट, यात्रा के संयोजक पुष्कर काला, रमेश बहुगुणा, नवीन नैनवाल, चंदन बिष्ट, महेश नयाल, खुशाल सिंह, मोहन सिंह,परमानंद सती आदि तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे।
सल्ट में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट का स्वागत करते भाजपाई- फोटो : ALMORA