सल्ट के शहीदों का योगदान अविस्मरणीय
- फोटो : अमर उजाला
आजादी की लड़ाई में सल्ट के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। इस दौरान लोगों ने शहीदों के योगदान को याद किया लेकिन राजनीतिक महत्वाकांक्षा यहां भी दिखाई दी। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने श्रद्धांजलि समारोह भी अलग-अलग आयोजित किए।
भाजपा की ओर से सल्ट के जीआईसी खुमाड़ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय सड़क राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि देश को आजाद कराने में अपना सर्वस्व बलिदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सल्ट क्षेत्र के रणबांकुरों ने पूरे कुमाऊं में आजादी की अलख जगाई। अंग्रेजी हुकुमत से संघर्ष करते हुए खीमानंद, गंगाराम, बहादुर सिंह और चूड़ामणि ने अपनी जान की बाजी लगा दी। मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
सल्ट के विधायक महेश जीना ने कहा कि शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। कार्यक्रम के दौरान सल्ट के खुमाड़ में हैलीपैड बनाने और विधायक निधि से विकास कार्यों के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई। प्रसिद्ध लोकगायक गजेंद्र राणा और उनके साथियों ने कार्यक्रम पेश किए।
कांग्रेस ने मौलेखाल में सभा कर दी श्रद्धाजंलि
कांग्रेस ने मौलेखाल में सभा कर सल्ट के शहीदों को याद किया। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि सल्ट के शहीदों ने देश की आजादी के लिए जो योगदान दिया उसे व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। शहीदों के सपनों को साकार किया जा सके इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करना होगा। पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि देश और प्रदेश को शहीदों के सपनों के अनुरूप बनाया जा सके इसके लिए हम सभी को प्रयास करने होंगे। युवा नेता नारायण रावत ने भी शहीदों को बलिदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान लोक गायक रमेश बाबू गोस्वामी और उनके साथियों ने अनेक रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ी रही।