सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत पर क्षेत्र की पूर्व विधायक रेखा आर्या के पति गिरधारी साहू को फर्जी मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाया है। गुस्साए भाजपाइयों ने सीएम के पुतले के साथ सोमेश्वर बाजार में जुलूस निकाला और बाद में चौराहे पर पुतला फूंका।
भाजपाई सोमेश्वर बाजार में एकत्र हुए और उन्होंने मुख्यमंत्री का पुतला लेकर सोमेश्वर बाजार में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत पूर्व विधायक के पति को झूठे मुकदमों में फंसा रहे हैं। मुख्यमंत्री पर दलित की बेटी के अपमान का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि यह दलितों का भी अपमान है। जुलूस और पुतला फूंकने वालों में भाजपा जिला महामंत्री रवि रौतेला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोहन दोसाद, मंडल अध्यक्ष डा. देवेंद्र जोशी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष महेश नयाल, राजेंद्र बोरा, वीरेंद्र शाही, गोपाल राणा आदि शामिल थे।