अल्मोड़ा के खत्याड़ी निवासी बिट्टू कनवाल ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पंजाब में आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में देश के 160 कालेजों ने हिस्सा लिया। एसएसजे परिसर अल्मोड़ा के बीए प्रथम वर्ष के 20 वर्षीय छात्र बिट्टू कनवाल ने प्रतियोगिता के 60-64 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश और कुमाऊं विवि का नाम रोशन किया है।
इससे पहले बिट्टू कुमाऊं विश्वविद्यालय की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुके हैं। वह स्कूल नेशनल गेम्स और फेडरेशन कप ओरंगाबाद में भी स्वर्ण जीत चुके हैं। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए सोनीपत में आयोजित कैंप में प्रशिक्षण लिया।
खत्याड़ी निवासी लक्ष्मण सिंह कनवाल और हेमा कनवाल के पुत्र बिट्टू कनवाल ने सफलता का श्रेय बॉक्सिंग कोच बीएस भंडारी को दिया है। बिट्टू की सफलता पर जिला क्रीडाधिकारी सीएल वर्मा, डीके सेन, श्याम भट्ट, लियाकत अली, बिट्टू कर्नाटक, दुर्गा प्रसाद, बीएस मनकोटी, हरीश भंडारी, हीरा कनवाल, दीवान आर्या, साधना जोशी आदि ने प्रसन्नता जताई है।