अल्मोड़ा। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मॉल रोड पर जिला चिकित्सालय के पास एक शातिर नशा तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का रहने वाला है जिसके पास से 11.21 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।
कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मॉल रोड जिला चिकित्सालय के पास पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11.21 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत आरोपी विशाल गुप्ता निवासी दुल्हेमिया की मजार के पास, कटघर, थाना कटघर, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स को खंगाल रही है।
पहले भी तस्करी में रहा शामिल
पकड़ा गया आरोपी विशाल गुप्ता पहले भी नशा तस्करी में शामिल रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2022 में जिला नैनीताल के बनभूलपुरा थाने में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज है।