सिलेंडर में विस्फोट के बाद की गिरी दीवार।
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार रात बाड़ेछीना कस्बे में रेस्टोरेंट में सिलेंडर से गैस लीक होने और सिलेंडर फटने से आग लगने से बारह कमरों के दो मकान जलकर राख हो गए। आग लगने से दुकान में रखे चार अन्य सिलेंडर भी एक-एक कर फट गए। विस्फोट से बगल के एक अन्य मकान में दरारें आ गईं। इस दौरान घबराहट में पड़ोसी 36 वर्षीय महिला दस फीट ऊंचे बरामदे से गिरकर घायल हो गई। जिसका बेस अस्पताल अल्मोड़ा में उपचार चल रहा है। तीन घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। अग्निकांड में भवन स्वामियों को सात लाख और दुकानदार को करीब पचास हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
बाड़ेछीना में हंसा दत्त पुत्र चिंतामणि के मकान के प्रथम तल में धन सिंह रेस्टोरेंट चलाते हैं। सोमवार रात रेस्टोरेंट में लगाए गए सिलेंडर से गैस लीक हो गई। दुकान के पीछे की ओर कूड़े में आग लगी थी। गैस लीक होने पर रात करीब 12:20 बजे सिलेंडर ने आग पकड़ ली और विस्फोट हो गया। इसके बाद 12:40 बजे दूसरे, तत्पश्चात बारी-बारी से तीन अन्य सिलेंडर फट गए। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने से लोग दहशत में आए गए। हंसा दत्त के तीन मंजिले मकान के छह कमरों के अलावा पड़ोसी हीरा बल्लभ पुत्र प्रेम बल्लभ का मकान भी आग की चपेट में आ गया। उनका भी छह कमरों का मकान जल गया। दोनों परिवारों के परिजनों ने भागकर जान बचाई। पास ही पानी की टंकी से लोगों ने आग बुझानी शुरू की। पड़ोस में रहने वाले ब्लॉक प्रमुख हरीश बनौला ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। 1:10 बजे फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से तड़के करीब चार बजे आग पर काबू पाया।
सिलेंडर के विस्फोट से भुवन चंद्र पुत्र चंद्र बल्लभ के मकान में भी दरारें आ गई हैं। घबराहट में उनकी पत्नी कविता जोशी (36) दस फाट ऊंचे बरामदे से गिरकर घायल हो गईं। कविता को 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए अल्मोड़ा भेजा गया। बेस अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। उनके कमर में गंभीर चोट और दायां पैर फ्रैक्चर हो गया है। अग्निकांड में किराए में रेस्टोरेंट चलाने वाले धन सिंह को करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है। जबकि भवन स्वामी हंसा दत्त को तीन लाख और दूसरे भवन स्वामी हीरा बल्लभ को चार लाख का नकुसान हुआ है। अग्निकांड में दोनों परिवारों का सभी सामान जलकर राख हो गया है।