अल्मोड़ा। एचएनबी स्टेडियम में आयोजित एसएसजे परिसर की संकाय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच की ट्रॉफी पर कला संकाय ने कब्जा जमाया। विज्ञान संकाय को 69 से हराकर कला संकाय ने फाइनल मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की।
सोमवार को एसएसजे परिसर की संकाय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच कला और विज्ञान संकाय के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कला संकाय ने निर्धारित 20 ओवरों में 160 रन बनाए। टीम के लिए नैतिक पांडे ने सबसे अधिक 27 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विज्ञान संकाय की टीम महज 91 रनों पर सिमट गई। विज्ञान संकाय के नमन ने 14 और दीप ने 18 रन बनाए। अनुज दुर्गापाल और रक्षित रावत अंपायर जबकि लक्की रावत मैच के स्कोरर रहे। विवि के क्रीड़ा प्रभारी लियाकत अली खान ने बताया कि मंगलवार से परिसर की अंतर संकाय फुटबाल प्रतियोगिता शुरू होगी। बताया कि पहला मुकाबला विधि संकाय और शिक्षा संकाय जबकि दूसरा मैच वाणिज्य और दृश्यकला संकाय के बीच खेला जाएगा। वहां कोच कैलाश मेहरा, दीपक वर्मा, राजेंद्र सिंह राना, प्रेम सिंह लटवाल, किशन, दीपक शाही, केके खोलिया आदि रहे।