अल्मोड़ा के चौघानपाटा में प्रदेश सरकार का पुतला फूंकते लोक कलाकार।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। सूचना और लोक संपर्क विभाग की ओर से कुमाऊं मंडल में 21 सितंबर से होने वाले ऑडिशन से नाराज लोक कलाकार भड़क उठे हैं। कलाकारों ने कुमाऊं लोक कलाकार महासंगठन के बैनर तले सोमवार को चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में क्रमिक अनशन किया। उन्होंने प्रदेश सरका का पुतला फूंका। इसके बाद नगर में छोलिया कलाकारों के साथ जुलूस निकाला।
क्रमिक अनशन स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि कुमाऊं मंडल में मंगलवार से लोक कलाकारों के ऑडिशन होने हैं। सरकार ने कोरानाकाल में लोक कलाकारों की सुध नहीं ली। कोरोना के चलते गत वर्ष भी कलाकारों को काम नहीं मिला। अब भी काम नहीं मिल रहा है। ऐसे में ऑडिशन में आने जाने में होने वाले खर्च को वहन करने में कलाकार अपने को असमर्थ महसूस कर रहे हैं। क्रमिक अनशन में कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार, वरिष्ठ रंगकर्मी किशन लाल, नैनीताल से रीना आर्या, बागेश्वर से अर्जुन देव, खटीमा से लोक गायक पुष्कर महर, महासचिव गोपाल चम्याल, देवेंद्र भट्ट, प्रकाश बिष्ट, गीता सिराड़ी, विनोद कुमार आदि बैठे। वरिष्ठ रंगकर्मी प्रकाश बिष्ट के नेतृत्व में निकले जुलूस में विभिन्न जिलों से पहुंचे अजय चंदोला, भास्कर तिवारी, अर्जुन देव, विनोद कुमार, किशन लाल, रीना आर्या आदि थे।