77वीं एनसीसी बटालियन में सिपाही पद पर तैनात जवान की कोसी नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक जवान महाराष्ट्र के नासिक जिले के सोन गांव का निवासी था और अपने कुछ साथियों के साथ एनसीसी कैडेटों के लिए कैंप का स्थल खोजने निकला था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी में गिर पड़ा।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोन (महाराष्ट्र) निवासी और 77 एनसीसी बटालियन में सिपाही पद पर तैनात 26 वर्षीय मयूर संतराम पंडित पुत्र संतराम पंडित मंगलवार दोपहर को अपने कुछ साथियों के साथ चौसली के पास कैंप स्थल का चयन करने गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से मयूर कोसी नदी में जा गिरे।
उनके साथ गए साथियों ने उनको बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस, एनसीसी और सेना के जवान मौके पर पहुंचे और किसी तरह मयूर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक मयूर विवाहित हैं और कुछ समय पूर्व ही वह अपने बच्चों को घर छोड़ कर लौटे थे। इधर सेना और पुलिस के जवान मृतक को लेकर बेस अस्पताल पहुंचे। इस दौरान देर सायं तक पंचनामे की कार्रवाई चलती रही। घटना की सूचना उनके घर भेज दी गई है।