गैरसेंण हिटो यात्रा निकालते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
उदय शंकर राष्ट्रीय गीत और नाट्य अकादमी को रंगकर्म के लिए विधिवत संचालित करने की मांग को लेकर कुमाऊं लोक कलाकार महासंगठन के बैनर तले रंग कर्मियों ने शनिवार को नगर में जुलूस निकाला। बाद में कलक्ट्रेट पहुंच कर डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा।
माल रोड से निकला जुलूस मिलन चौक, चौक बाजार समेत विभिन्न बाजारों से होते हुए रघुनाथ मंदिर तक पहुंच कर संपन्न हुआ। जुलूस में शामिल लोक कलाकारों का कहना है कि अकादमी की स्थापना जिन उद्देश्यों को लेकर की गई थी वह मूल उद्देश्य से भटक गई है। जिससे रंगकर्मियों में निराशा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नृत्य सम्राट उदयशंकर की स्मृति में फलसीमा में 19 अक्तूबर 2002 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने अकादमी की आधारशिला रखी। जिसका उद्देश्य देश के शास्त्रीय नृत्यों की विविध विधाओं के साथ सभी प्रांतों की लोकनृत्य संगीत का संरक्षण ही नहीं बल्कि उनके विकास पर शोध करना भी था।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अकादमी को कुमाऊं विवि को देने का मन बना रही है। उन्होंने अकादमी को शीघ्र रंगकर्म के लिए संचालित करने की मांग की है। जुलूस में संगठन के अध्यक्ष शेखर जोशी, नवीन बिष्ट, मनमोहन चौधरी, गोपाल चम्याल, किशन बिष्ट, राजेंद्र तिवारी, शीला पंत, गीतम भट्ट, ममता भट्ट, अंजलि बिष्ट, संदीप सिंह नयाल, विजय उप्रेती, गोकुल बिष्ट, पूरन बिष्ट, चंद्रशेखर आर्या, कमलेश बिष्ट आदि थे।