गरुड़ (बागेश्वर)। टीट बाजार में रामलीला मंचन जारी रहा। आठवें दिन की लीला में अंगद-रावण संवाद और लक्ष्मण शक्ति समेत कई प्रसंगों का मंचन किया गया। हल्की ठंड के बीच देर रात तक दर्शकों ने मंचन का आनंद लिया।
मंगलवार की रात सेतु बंधन से रामलीला शुरू हुई। रामेश्वर स्थापना, मंदोदरी-रावण संवाद, अंगद का लंका में प्रवेश अंगद-रावण संवाद, विभीषण का रावण को समझाना, रावण का विभीषण को लंका से निकालना और उसका राम दल में प्रवेश, मेघनाद और लक्ष्मण के बीच युद्ध, लक्ष्मण शक्ति, हनुमान-सुषेण वैद्य संवाद, हनुमान का संजीवनी लाना आदि के प्रसंगों में कलाकारों ने शानदार अभिनय कर दर्शकों का मंत्रमुग्ध किया। रावण की भूमिका दीपक गोस्वामी, मंदोदरी की ममता गोस्वामी, विभीषण की तनुष राणा, मेघनाद की राहुल बिष्ट, अंगद की दीपक भंडारी ने निभाई। रामलीला का निर्देशन नीरज पंत कर रहे हैं। इस मौके पर पूर्व व्यवस्थापक दयाल गिरि, उद्घोषक नंदन अल्मिया, अध्यक्ष भुवन पाठक, व्यवस्थापक संजय फर्स्वाण, साज सज्जा व्यवस्थापक दिनेश बिष्ट, संगीत निर्देशक अशोक रावत आदि मौजूद रहे।