अल्मोड़ा जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए उमड़ी मरीजों की भीड़।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। बेस अस्पताल के ईएनटी सर्जन लंबे अवकाश से लौट आए हैं। तीन दिन जिला अस्पताल में संबद्ध ईएनटी सर्जन ने सोमवार को जिला अस्पताल में ओपीडी की। ईएनटी सर्जन के लौटने से मरीजों ने राहत की सांस ली है।
जिला अस्पताल में ईएनटी सर्जन का पद लंबे समय से खाली है। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बेस के ईएनटी सर्जन डॉ. विक्रांत को सप्ताह में तीन दिन जिला अस्पताल संबद्ध किया गया था लेकिन लगभग एक माह से डॉक्टर अवकाश पर थे। इसके चलते मरीजों की समस्या बढ़ गई थी। इधर अब ईएनटी सर्जन लंबी छुट्टियों के बाद लौट आए हैं। सोमवार को उन्होंने जिला अस्पताल में ओपीडी कर मरीजों का उपचार किया। उन्होंने बताया कि वह सोमवार, बुधवार, शुक्रवार जिला अस्पताल में और अन्य दिन बेस में ओपीडी करेंगे। बेस अस्पताल के ही रेडियोलॉजिस्ट ने सोमवार को मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए।
बेस के अस्थि रोग विशेषज्ञ अब जिला अस्पताल में बैठेंगे
अल्मोड़ा। अस्थि रोग संबंधी मरीजों को अब फिर से जिला अस्पताल में उपचार मिल सकेगा। बेस अस्पताल के अस्थि रोग विशेषज्ञ अब पूरे सप्ताह जिला अस्पताल में ओपीडी देखेंगे। जिला अस्पताल के एकमात्र अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजा पिछले दिनों उच्च शिक्षा के लिए लंबे अवकाश पर हैं, जिससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जिसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बेस अस्पताल के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके मेहता को सप्ताह में तीन दिन जिला अस्पताल से संबद्ध कर दिया था, लेकिन लगातार बढ़ रही मरीजों की समस्याओं को देखते हुए अब विभाग की ओर से अस्थि रोग विशेषज्ञ को पूरी तरह जिला से संबद्ध कर दिया है। पीएमएस डॉ. आरसी पंत ने बताया कि अब सप्ताह भर अस्थि रोग विशेषज्ञ जिला अस्पताल में मरीजों का उपचार करेंगे।