चौखुटिया (अल्मोडा)। लंबे संघर्ष के बाद बनी पीएमजीएसवाई की भगोती-लालुरी-कनोली-टिम्टा सड़क पर घटिया पत्थरों से सोलिंग किए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में उच्चाधिकारियों के साथ ही क्षेत्रीय विधायक से भी शिकायत की है इसके बावजूद सोलिंग कार्य जारी है, जिससे लोगों में रोष है।
कुमाऊं सड़क बनाओ संघर्ष समिति ने शीघ्र घटिया सोलिंग की उच्च स्तरीय जांच कर नए सिरे से पक्के पत्थरों द्वारा सोलिंग करने की मांग की है। कहा शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। 2019-20 से निर्माणाधीन भगोती-टिम्टा सड़क पर निर्माण से ही प्रश्न चिह्न लगने शुरू हो गए थे।
वर्तमान समय में मोटर मार्ग के अंतिम छोर से सोलिंग का कार्य चला है। ग्रामीणों का आरोप है कि किलोमीटर 4 और 5 के बीच में घटिया पत्थर और मिट्टी डालकर सोलिंग कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में अनेक बार ग्रामीणों ने संबंधित ठेकेदार, विभागीय अभियंताओं सहित क्षेत्रीय विधायक से भी शिकायत की लेकिन सोलिंग का कार्य बंद नहीं किया गया। संघर्ष समिति के मृदुल शर्मा, गणेश दत्त, दीपक शर्मा ,मुकेश कुमार ने शीघ्र सोलिंग की जांच कर सोलिंग पक्के पत्थरों से करने की मांग की है।