सिकंदर कप क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू
- फोटो : अमर उजाला
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। प्रतिष्ठित सिकंदर कप क्रिकेट प्रतियोगिता यहां बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं इंजीनियरिंग कॉलेज के खेल मैदान में शुरू हो गई है। शुभारंभ करते हुए राज्य आंदोलनकारी वीरेंद्र बजेठा ने खिलाड़ियों से अनुशासन को तरजीह देने की अपील की। उद्घाटन मुकाबले में मौना एकादश ने जय भूमिया क्लब मासी को हरा दिया।
सिकंदर कप क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख एक सौ ग्यारह रुपए का पुरस्कार, चैंपियन ट्रॉफी और उप विजेता टीम को 50 हजार पांच सौ पचपन रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। स्थानीय टीमों के अलावा इस प्रतियोगिता में दिल्ली, कानपुर सहित तमाम अन्य राज्यों की टीमें भी भाग ले रही हैं।
उद्घाटन मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मासी की टीम ने सुरेंद्र भंडारी के सर्वाधिक 28 रनों की बदौलत 19 ओवर में 106 रन बनाए। मौना एकादश की ओर से कुंदन ने 15 रन देकर तीन विकेट लिए। जवाब में मौना ने कैलाश की 46 रनों की बदौलत 17वें ओवर में पांच विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया। निर्णायक जगदीश बिष्ट, धर्मा अधिकारी थे, जबकि नीरज बिष्ट, नवल अधिकारी ने स्कोरर की भूमिका निभाई। इस अवसर पर नारायण रावत, भूपाल बजेठा, रघुवीर अधिकारी, जीवन रावत, कुंदन अधिकारी, गणेश अधिकारी, आनंद अधिकारी आदि मौजूद थे।