चौखुटिया (अल्मोड़ा)। यहां बोनाफाइड स्कूल में ‘हम हैं बेमिसाल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सेवानिवृत्त नौसेना प्रमुख एडमिरल डीके जोशी ने कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच, कड़ी मेहनत, लगन से ही सफलता की ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है। बच्चों के कंधों पर समाज, देश की बड़ी जिम्मेदारी है।
इसलिए उन्हें प्रतिस्पर्द्धा के इस युग में अपने आप को सिद्ध करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ ही उनके संस्कारवान होने से ही समाज को सही दिशा मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि जीवन में नकारात्मक सोच का कोई स्थान नहीं है।
स्कूल के प्रबंधक पुष्कर कांडपाल, प्रधानाचार्या ललिता जोशी ने जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक चंद्रशेखर बनकोटी आदि अतिथियों का स्वागत कर आभार जताया। वहीं होली ऐंजल स्कूल अल्मोड़ा के प्रधानाचार्य गोपाल कृष्ण बागी, डॉ. कुलदीप बिष्ट, बालादत्त तिवारी, हरगोविंद पांडे आदि थे। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
अतिथियों ने स्कूल में शिक्षा आदि गतिविधियों के विजेता रविशंकर, हिमानी कांडपाल, हर्षिता तिवारी, हर्षित बिष्ट, अनमोल, अभिषेक बिष्ट, आदित्य जोशी, आस्था जोशी, वैशाली, अंतरा नेगी आदि को पुरस्कृत किया। हेमंत कुमार, वैशाली, ईशा ने संचालन किया।