अल्मोड़ा। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में चल रहे जूनियर इंटरनेशनल बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्तराख्ंाड के खिलाड़ी चिराग सेन और कुहू गर्ग ने एकल और मिक्स-डबल में मैच जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
उत्तराखंड एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि दोनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। बालक एकल वर्ग में चिराग सेन ने प्रथम चक्र में एम थॉमस आर, दूसरे चक्र में डेनी मामाहित, तीसरे चक्र में वुडी वाकासोना, चतुर्थ चक्र में एगार पाकसी विजया को पराजित कर पांचवें चक्र में प्रवेश किया। पांचवें चक्र में चिराग ने गतजरा पिनांग को 21-11, 21-15 से हरा कर प्री-क्वार्टर फाइनल में स्थान बना लिया है।
मिक्स डबल में चिराग सेन और कुहू गर्ग की जोड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इस जोड़ी ने प्रथम चक्र में यूसरीजल और मलिखातुस को, दूसरे चक्र में युधियांतो और बेलाइरांटी की जोड़ी पर जीत दर्ज की है।
तीसरे चक्र में चिराग तथा कहू ने शानदार खेल दिखाते हुए दारू मगनंदा और अरलिन की जोड़ी को 21-15, 21-13 से हरा कर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। जबकि कुहू गर्ग ने बालिका एकल के प्रथम चक्र में डेवी एरीना, दूसरे में दीवी एरिनो तीसरे चक्र में गायना नूसरी को हराया। दोनों खिलाड़ियों से बैडमिंटन संघ को काफी उम्मीदें हैं। संघ को आशा है कि दोनों खिलाड़ी प्रतियागिता में खिताब जीतेंगे।