अल्मोड़ा। ताकुला ब्लाक के पाटिया क्षेत्र में गोवर्धन पूजा के मौके पर बग्वाल खेलने की परंपरा है। पाटिया में रश्मो रिवाज के साथ बुधवार को पत्थर युद्ध की रस्म अदा की गई। पाटिया क्षेत्र के पचघटिया में चार गांवों के लोगों ने कुछ देर बग्वाल (पत्थर युद्ध) खेली। एक ग्रामीण के पचघटिया नदी में पहुंचने के बाद रस्म समाप्त हुई।
पाटिया और कोट्यूड़ा गांव के बीच मूलत: खेले जाने वाले बग्वाल में कसून और जाखसौड़ा के साथ ही भटगांव के लोगों ने भी शिरकत की। परंपरा के अनुसार पत्थर युद्ध का आगाज पाटिया गांव के अगेरा मैदान (गायखेत) में गाय की पूजा के साथ शुरू हुआ। मान्यता के मुताबिक लोगों ने चीड़ की टहनी खेत में गाड़कर बग्वाल की अनुमति ली।
इसके बाद कुछ समय तक पत्थर युद्ध चला। एक ग्रामीण के मैदान को पार कर पचघटिया (नदी) के पानी को छूने के बाद युद्ध समाप्त हो गया। तत्पश्चात ग्रामीणों ने एक दूसरे को बधाई दी और अगली बार मिलने का वायदा कर विदाई ली।