अल्मोड़ा। एसएसबी में स्थायी नियुक्ति देने समेत अन्य मांगों को लेकर एसएसबी स्वयं सेवक कल्याण समिति के बैनर तले गुरिल्लों ने रक्षाबंधन पर भी 2833वें दिन कलक्ट्रेट में धरना दिया। धरना स्थल पर हुई बैठक में तय हुआ कि नौ अगस्त को संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन विभिन्न राज्यों में प्रांतीय और जिला स्तर पर रैली निकाल कर प्रदर्शन किया जाएगा।
समिति के जिलाध्यक्ष शिवराज बनौला ने बताया कि उत्तराखंड में मुख्य कार्यक्रम श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल एसएसबी अकादमी में होगा। श्रीनगर में विशाल रैली निकलेगी। जिलों में भी प्रदर्शन होगा। वक्ताओं ने कहा कि 11 वर्षों से चल रहे आंदोलन के बावजूद गुरिल्लों की अनदेखी की गई है। अभी भी सरकार और एसएसबी उनकी मांगों पर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि नौ अगस्त को करो या मरो की तर्ज पर आंदोलन शुरू होगा और नए कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी। धरने पर जिलाध्यक्ष शिवराज बनौला, जगदीश सुयाल, गोपाल राणा, विशन राम, पनी राम, गोविंद बल्लभ कांडपाल, राजेंद्र सिंह, हरीश आर्या, आनंदी मेहरा, ममता मेहता, भानु पंत, दीपा परगाई, रेखा बगड़वाल आदि बैठे।