अल्मोड़ा। मुख्य विकास अधिकारी मयूर दीक्षित ने बाल कल्याण समिति की बैठक में जिले में बालश्रम और भिक्षावृत्ति को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्वयं सेवी संस्थाओं और सरकारी विभागों को विशेष ध्यान देना होगा।
उन्होंने बालश्रम की रोकथाम के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में चाइल्ड हेल्प लाइन फोन नंबर 1098 के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में हो रहे अपराध उजागर नहीं हो पाते हैं। चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर पर कोई भी व्यक्ति बालश्रम के विरुद्ध और बाल अपराधों की शिकायत कर सकता है।
विद्यालयों में बच्चों को समय-समय पर गुड टच, बैड टच की फिल्म दिखाई जाए, जिससे कि वे जागरूक हो सकें। इसके अवावा आंगनबाड़ी केंद्रों में भी चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करें। बच्चों के साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए बाल मित्र बनाएं। संस्थाओं के प्रतिनिधियों और जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव नयन तिवारी ने भी सुझाव रखे। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विनीता शाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, डा. हेमलता भट्ट, प्रशांत जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) एचबी चंद आदि उपस्थित थे।