अल्मोड़ा। नगर के धारकी तूनी निवासी अमोल मेहता सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। देहरादून में हुई पासिंग आउट परेड में उनके माता-पिता ने भी हिस्सा लिया और अमोल के कंधों पर स्टार लगाए।
अमोल ने कक्षा छह से 12वीं तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल घोड़ाखाल से की। वह बचपन से ही सेना में अफसर बनना चाहते थे। 2014 में उनका एनडीए में चयन हुआ। शनिवार को देहरादून में हुई पासिंग आउट परेड के बाद सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। अमोल के पिता यूएस मेहता एलआईसी रानीखेत में डवलपमेंट आफीसर हैं। माता विनीता मेहता सोमेश्वर इंटर कालेज में प्रवक्ता हैं। बड़ी बहन दीपना मेहता ने एमटैक किया है। मूल रूप से हवालबाग के मैणी गांव निवासी अमोल के सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर क्षेत्र के लोगों में खुशी है।