अल्मोड़ा। गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए पुलिस के आपरेशन स्माइल अभियान ने पिछले एक माह में छह बच्चों और एक महिला की घर वापसी कराई। पुलिस टीम ने इस दौरान खोए हुए बच्चों को होटल, ढाबों, कारखानों, बस स्टेशन के अलावा दूसरे शहरों से तलाश कर परिजनों के सुपुर्द किया।
एसएसपी पी रेणुका देवी के निर्देशन में आपरेशन स्माइल टीम ने दस जून को आनंद प्रसाद (16)पुत्र धनराम और 11 जून को बसंत प्रसाद (14) पुत्र हरीश राम दोनों निवासी कुजेला, दन्यां को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। टीम ने 14 जून को मनोज कुमार पुत्र रमेश राम निवासी कुरौली और चंदन कुमार पुत्र किशन राम निवासी असोड़ा को बरामद किया, जबकि 18 जून को मो. रजा (16) पुत्र अली मिया, रवेड़ी, सहारनपुर और 22 जून को नसीम पुत्र सलीम निवासी नगला कासगंज, उत्तर प्रदेश को बरामद किया। इन पांच नाबालिगों के अलावा स्माइल टीम ने 12 जून को द्वाराहाट निवासी ज्योति को भी बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया। आपरेशन स्माइल टीम के उपनिरीक्षक संतोष तिवारी, विजय कुमार, राजेंद्र गिरि, भूपाल सिंह, विरेंद्र परिहार, मंजू आर्या ने नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा दूसरे शहरों में भी जाकर गुमशुदा बच्चों की तलाश की और परिजनों के सुपुर्द कर उनके चेहरों पर मुस्कान लौटाई। एसएसपी ने आपरेशन स्माइल टीम द्वारा किए गए कार्य की प्रशंसा की।